
जमशेदपुर: लौहनगरी में निकाय चुनाव को लेकर जिला पुलिस एक ओर फ्लैग मार्च कर जनता को सुरक्षा का भरोसा दिला रही थी, वहीं दूसरी ओर बेखौफ अपराधियों ने सरेआम फायरिंग और लूटपाट कर पुलिसिया दावों की पोल खोल दी है। सनसनीखेज मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के रोरो रोड का है, जहाँ अपराधियों ने एक महिला को निशाना बनाया।
विरोध करने पर की हवाई फायरिंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:30 बजे बागुन नगर की रहने वाली एक महिला सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी उनके पास पहुँचे और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीन ली। जब महिला ने साहस दिखाते हुए विरोध किया और शोर मचाया, तो पकड़े जाने के डर से अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज से इलाके में भगदड़ मच गई, जिसका फायदा उठाकर अपराधी तेजी से फरार हो गए।
चुनावी माहौल में सुरक्षा पर सवाल
निकाय चुनाव के कारण शहर में पुलिस की गश्त बढ़ी हुई है और जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में सिदगोड़ा जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को आक्रोशित कर दिया है। लोगों का कहना है कि जब चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल मौजूद है, तब अपराधियों में कानून का भय क्यों नहीं है?
जांच में जुटी सिदगोड़ा पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस टीम आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के हुलिए और भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
