
जमशेदपुर : शहर के व्यस्ततम साकची इलाके के जेएनएसी चौक (9 नंबर स्टैंड चौक) पर सोमवार को उस वक्त रणक्षेत्र जैसी स्थिति बन गई, जब मवेशी लदे एक ट्रक को रोकने को लेकर विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं और ट्रक मालिक के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद पूरे साकची बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
विहिप की सूचना पर घेरा गया ट्रक
जानकारी के अनुसार, विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध तरीके से मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर विहिप कार्यकर्ताओं ने जेएनएसी चौक के पास ट्रक को रोक लिया। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
शीशे तोड़े, फिर शुरू हुई मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक रुकने के बाद उत्तेजित कुछ युवकों ने ट्रक के सामने वाले शीशे पर हमला कर उसे तोड़ दिया। इसी बीच ट्रक का कथित मालिक मौके पर पहुँचा और शीशा तोड़ने का विरोध करने लगा। देखते ही देखते बात बढ़ गई और ट्रक मालिक व युवकों के बीच सड़क के बीचों-बीच जमकर लात-घूंसे चले। सड़क पर मारपीट होते देख आसपास के दुकानदार और राहगीर सहम गए, जिससे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया।
विहिप का पक्ष: “मवेशी चोरी की मिल रही थी शिकायत”
घटना के बारे में विहिप नेता चिंटू सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से जमशेदपुर और आसपास के इलाकों से मवेशी चोरी और उनकी अवैध तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी इनपुट के आधार पर संदिग्ध गाड़ी को रोका गया था। विहिप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ट्रक में मवेशियों को क्रूरतापूर्ण तरीके से ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए साकची थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने बल प्रयोग कर मारपीट कर रहे लोगों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।पुलिस ने ट्रक को मवेशियों सहित अपने कब्जे में ले लिया है और उसे जांच के लिए थाने ले गई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि मवेशियों को ले जाने के वैध कागजात ट्रक मालिक के पास हैं या नहीं। साथ ही मारपीट और तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
