
चौपारण (हजारीबाग): हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत महुदी मोड़ पर अपराधियों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया है। अंजली ज्वेलर्स नामक दुकान से नकाबपोश अपराधियों ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। वारदात की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अपराधियों ने दुकान की भारी-भरकम तिजोरी को ग्रैंडर मशीन से काट डाला।
हथियारों से लैस थे 6 डकैत
जानकारी के अनुसार, डकैतों की संख्या 6 थी और वे सभी आधुनिक हथियारों से लैस थे। लूटपाट के दौरान जब बगल की एक महिला किसी काम से जगी, तो भाग रहे अपराधियों ने उसे देख लिया। डकैतों ने क्रूरता दिखाते हुए महिला की कनपटी पर हथियार सटा दिया और उसे शोर न मचाने की धमकी दी।
प्रोफेशनल तरीके से अंजाम दी गई वारदात
अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने दुकान में घुसने के बाद आधुनिक ग्रैंडर मशीन का इस्तेमाल कर तिजोरी को सुरक्षित तरीके से काटा।दुकान में रखे सोने और चांदी के कीमती आभूषणों को चंद मिनटों में समेट लिया।घटना को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि डकैतों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। जिले के सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।
व्यवसायियों में आक्रोश
महुदी मोड़ जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस बड़ी वारदात के बाद स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
