
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के लिए 26 फरवरी का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को शहर के दौरे पर रहेंगी। अपने इस संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण दौरे के दौरान वे कदमा मरीन ड्राइव में बनने वाले भव्य जगन्नाथ मंदिर की आधारशिला रखेंगी। राष्ट्रपति के इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं।
मंदिर शिलान्यास और मेडिकल कॉलेज का भ्रमण
राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वे मरीन ड्राइव पर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर जगन्नाथ मंदिर का शिलान्यास करेंगी। इसके पश्चात, वे टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज का भी दौरा करेंगी, जहाँ वे संस्थान की सुविधाओं और छात्रों से संवाद कर सकती हैं।
4 घंटे का प्रवास: चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल
महामहिम शहर में लगभग चार घंटे का समय बिताएंगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरत रहा है। 6 आईपीएस अधिकारियों की सीधी निगरानी में लगभग 1500 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। एनएसजी स्क्वाड और एसटीएफ की टीमें कार्यक्रम स्थल और रूट की सुरक्षा संभालेंगी। पूरे रूट पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों को तैनात किया गया है।
एयरपोर्ट से मरीन ड्राइव तक हुआ ‘मॉक ड्रिल’
बुधवार को जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए जोरदार रिहर्सल की। जमशेदपुर हवाई अड्डे (सोनारी) से कदमा कार्यक्रम स्थल और वहां से मेडिकल कॉलेज होते हुए वापस हवाई अड्डे तक मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान एम्बुलेंस और सुरक्षा काफिले के रिस्पांस टाइम की जांच की गई।
