
धनबाद: कोयलांचल की सबसे सुरक्षित जगहों में शुमार धनबाद सिविल कोर्ट को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी दी गई। सुबह करीब 11 बजे जब कोर्ट परिसर मुवक्किलों और वकीलों से खचाखच भरा था, तभी कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। इस सूचना के बाद पूरे परिसर में अफरातफरी मच गई और एहतियातन कोर्ट की कार्यवाही रोककर उसे तुरंत खाली करा लिया गया।
सुरक्षा बलों का सघन तलाशी अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर और कई थाना प्रभारियों ने भारी पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वायड) और डॉग स्क्वायड ने संयुक्त रूप से सभी कोर्ट रूम, न्यायिक पदाधिकारियों के चैंबर, वकीलों के सिरिस्ता और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की बारीकी से जांच की।
साइबर सेल खंगाल रही ईमेल का सुराग
पुलिस प्रशासन अब उस स्रोत का पता लगाने में जुटा है जहां से यह धमकी भरा मेल भेजा गया था। साइबर सेल की मदद से आईपी एड्रेस और ईमेल आईडी की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उसकी पहचान कर ली जाएगी।
आसनसोल कोर्ट को भी धमकी की खबर
इसी बीच सूत्रों के हवाले से यह भी खबर आ रही है कि पश्चिम बंगाल के आसनसोल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी भरा संदेश भेजा गया है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और दोनों राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय के साथ जांच कर रही है।
प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें
अधिकारियों ने आम जनता और वकीलों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल कोर्ट परिसर में आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
