
चाकुलिया/रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने पूर्वी सिंहभूम जिले, विशेषकर घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र की एक अहम समस्या सदन में उठाई।उन्होंने कहा कि जिले का एकमात्र ईएसआई अस्पताल आदित्यपुर में स्थित है, जो घाटशिला अनुमंडल से काफी दूरी पर है। दूरी अधिक होने के कारण घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न मिलों और फैक्ट्रियों में कार्यरत हजारों श्रमिकों को ईएसआई चिकित्सा सुविधा का लाभ लेने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
श्रमिकों को हो रही परेशानी
विधायक ने सदन में कहा कि लंबी दूरी तय कर आदित्यपुर स्थित ईएसआई अस्पताल पहुंचना श्रमिकों के लिए समय और खर्च दोनों दृष्टि से कठिन है। कई बार आपात स्थिति में समय पर इलाज नहीं मिल पाने से स्थिति गंभीर हो जाती है।उन्होंने बताया कि घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जहां हजारों श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर ईएसआई अस्पताल की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।
सरकार से सकारात्मक पहल की मांग
समीर कुमार मोहंती ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि श्रमिक हितों को ध्यान में रखते हुए घाटशिला अनुमंडल में एक ईएसआई अस्पताल की स्थापना की दिशा में ठोस और सकारात्मक पहल की जाए।उन्होंने कहा कि यदि घाटशिला में ईएसआई अस्पताल स्थापित होता है तो क्षेत्र के श्रमिकों को सुलभ, सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
क्षेत्र में मिली समर्थन की आवाज
विधायक द्वारा उठाए गए इस मुद्दे का क्षेत्र के श्रमिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने समर्थन किया है। उनका कहना है कि घाटशिला में ईएसआई अस्पताल की स्थापना लंबे समय से लंबित मांग है, जिसे अब प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
