
जमशेदपुर: खुशियों के रंग और भाईचारे का प्रतीक होली का उत्सव जमशेदपुर के सुंदरनगर स्थित चेशायर होम में बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। हर साल की तरह इस बार भी मशहूर समाजसेवी और माधुरी दीक्षित के प्रशंसक पप्पू सरदार ने यहाँ के विशेष बच्चों (दिव्यांगों) के साथ अबीर-गुलाल की होली खेली। ढोल-नगाड़ों और होली के गीतों पर विशेष बच्चों के साथ-साथ उपस्थित लोग भी जमकर थिरके।
चेशायर होम में बिखरे खुशियों के रंग
चेशायर होम परिसर शनिवार को गुलाल के रंगों से सराबोर नजर आया। विशेष बच्चों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर और गुलाल उड़ाकर त्योहार की खुशियां बांटी। इस दौरान पप्पू सरदार ने अपने चिर-परिचित अंदाज में खुद अपने हाथों से बादाम का शरबत तैयार कर सभी बच्चों और कर्मचारियों को पिलाया।
“नशा मुक्त मनाएं होली, बढ़ेगा आपसी भाईचारा”
इस मौके पर पप्पू सरदार ने समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा होली पुरानी रंजिशें भूलकर आपसी प्रेम और भाईचारा कायम करने का पर्व है। यदि हम नशा मुक्त होकर त्योहार मनाएंगे, तो इससे हमारे परिवार, समाज और प्रशासन को भी राहत मिलेगी। खुशियाँ बांटने के लिए नशे की जरूरत नहीं, अपनों के साथ की जरूरत है।
लजीज व्यंजनों और उपहारों की रही धूम
पप्पू सरदार द्वारा चेशायर होम के बच्चों के लिए सुबह के नाश्ते के साथ-साथ दोपहर के विशेष भोजन (लजीज व्यंजनों) की भी व्यवस्था की गई थी। बच्चों के चेहरे पर छाई मुस्कान ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया।
सिस्टर सारिका ने दी होली की शुभकामनाएं
चेशायर होम की सिस्टर सारिका ने सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि यहाँ के बच्चों को हर साल पप्पू सरदार के साथ रंग खेलने का बेसब्री से इंतजार रहता है। उन्होंने अपील की कि होली में किसी के साथ जोर-जबरदस्ती न करें और शालीनता के साथ रंगों का आनंद लें।इस गरिमामय आयोजन में चेशायर होम की सभी सिस्टर्स, कर्मचारी और शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
