
धनबाद: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सेवानिवृत्त जमादार लालेश्वर सिंह (63) को गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी की टीम ने सोमवार देर रात आरोपी को हीरापुर स्थित उसके आवासीय कॉलोनी से दबोचा। फिलहाल, स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण आरोपी को पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
15 करोड़ की संपत्ति का खुलासा
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, लालेश्वर सिंह पर अपनी सेवा अवधि के दौरान ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 15 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति बनाने का आरोप है। जांच में पाया गया कि आरोपी ने पद का दुरुपयोग करते हुए बड़े पैमाने पर अवैध चल-अचल संपत्ति इकट्ठा की थी।
2016 से चल रही थी जांच की प्रक्रिया
इस मामले की परतें काफी समय से खुल रही थीं।मामले की शुरुआती पड़ताल 2016 से शुरू हुई।फरवरी 2019 में प्रारंभिक जांच दर्ज की गई।सितंबर 2020 में विस्तृत जांच रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी गई।जनवरी 2023 में औपचारिक रूप से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई तेज की गई।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
गिरफ्तारी के बाद लालेश्वर सिंह ने बीपी और शुगर की शिकायत की। मेडिकल जांच के लिए उन्हें एसएनएमएमसीएच ले जाया गया, जहां शुगर लेवल बढ़ा होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया। डॉक्टरों से हरी झंडी मिलने के बाद एसीबी उन्हें कोर्ट में पेश करेगी।
चर्चा में क्यों है यह गिरफ्तारी?
लालेश्वर सिंह की गिरफ्तारी की चर्चा पूरे कोयलांचल में है, क्योंकि वह पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता वर्मा के सुरक्षा गार्ड के रूप में भी तैनात रह चुका है। एसीबी अब इस मामले से जुड़े अन्य दस्तावेजों और निवेशों की गहनता से जांच कर रही है।
