
जमशेदपुर:लौहनगरी के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमा बाजार काली मंदिर के समीप एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां वर्ष 2013 से संचालित एक पनशाला (प्याऊ) को न केवल असामाजिक तत्वों ने ध्वस्त कर दिया, बल्कि वहां रखा कीमती सामान भी चोरी कर लिया। पीड़िता ने इस संबंध में जमशेदपुर वरीय पुलिस अधीक्षक और कदमा थाना को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
गांव गई थी संचालिका, पीछे से ढहा दी पनशाला
भाटिया बस्ती, प्रतिमा नगर निवासी पीड़िता प्रीति शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि वह कुछ दिनों के लिए अपने गांव गई हुई थीं। इसी बीच सूचना मिली कि उनकी पनशाला को कुछ लोगों ने मिलकर तोड़ दिया है। जब वह गांव से लौटकर मौके पर पहुंचीं, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गईं।चोरी हुए सामानों की अनुमानि राशि ₹60,000) रूपये आंकी गई है जिसमें पानी का टैंक और पंप,500 स्टील/कांच के गिलास, 12 कुर्सियां और टेबल,100 मीटर पानी का पाइप, रॉड कटर और माइक्रेटर मशीन, बेलचा, कुदाली, गमले और अन्य निर्माण सामग्री मौजूद है।
स्कूटी से सामान ले जाते रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी!
प्रीति शर्मा का आरोप है कि जब वह मौके पर पहुंचीं, तो उन्होंने बबली दास और अश्विनी दास को वहां से बचा हुआ सामान स्कूटी पर लादकर ले जाते देखा। रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज की, उन्हें धक्का दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मंदिर के पीछे के रास्ते से फरार हो गए।
जमीन पर अवैध कब्जे और ‘होटल सिंडिकेट’ का आरोप
शिकायत में एक बड़ा खुलासा करते हुए प्रीति शर्मा ने बताया कि पनशाला को जानबूझकर इसलिए तोड़ा गया है ताकि उस कीमती जमीन पर अवैध कब्जा किया जा सके। आरोप है कि वहां झोपड़ी बनाकर होटल संचालकों को किराए पर देने और करीब 20 अस्थायी दुकानें सजाकर अवैध वसूली का खेल चल रहा है।
पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी राजीव राम और बबुआ शर्मा ने पीड़िता को कानूनी मदद लेने की सलाह दी। अब पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि पनशाला तोड़ने वाले दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।चोरी किया गया सामान बरामद कर मुआवजा दिलाया जाए। मारपीट और धमकी देने वालों पर सख्त कानूनी धाराएं लगाई जाएं।
