
जमशेदपुर:जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत टिनप्लेट चौक के पास एक युवक शातिर ठग का शिकार हो गया। मदद के बहाने झांसे में लेकर एक अजनबी शख्स ने युवक से ₹4000 ठग लिए और रफूचक्कर हो गया। पीड़ित युवक आयुष्मान कुमार ने शुक्रवार देर शाम गोलमुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित आयुष्मान कुमार के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह पैसे निकालने के लिए टिनप्लेट चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम गया था। इसी दौरान वहां मौजूद एक अजनबी शख्स ने उससे संपर्क किया। ठग ने कहा कि उसे नकद की सख्त जरूरत है और वह इसके बदले आयुष्मान को तुरंत यूपीआई के जरिए पैसे ट्रांसफर कर देगा। युवक ने इंसानियत के नाते जैसे ही उसे ₹4000 दिए, आरोपी पैसे लेकर भागने लगा।
बिना नंबर की बाइक से हुआ फरार
आयुष्मान ने बताया कि पैसे मिलते ही आरोपी अपनी बाइक की ओर भागा। युवक ने उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी ने अपनी बाइक की रफ्तार तेज कर दी और गलियों का फायदा उठाकर गायब हो गया। गौर करने वाली बात यह है कि आरोपी की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे उसकी पहचान मुश्किल हो गई।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां नजर आ रही हैं। गोलमुरी पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सावधान रहें: एटीएम या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ कैश और यूपीआई का लेनदेन न करें। यह ठगी का एक नया तरीका है जिसे अपराधी ‘इमरजेंसी’ बताकर अंजाम देते हैं।
