जमशेदपुर: नीलडीह ब्रिज के पास खूनी संघर्ष, चेचिस चालक पर चापड़ से जानलेवा हमला; 25 हजार की लूट

जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलडीह ब्रिज के पास रविवार दोपहर अपराधियों ने तांडव मचाया। नामदा बस्ती निवासी चेचिस चालक चिराग सिंह पर 15-20 की संख्या में आए हमलावरों ने चापड़, लाठी और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक को आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

गेस्ट हाउस से लौटते वक्त घेरा, नकदी भी छीनी

चिराग की बुआ सोनिया ने बताया कि चिराग चेचिस चलाने का काम करता है। रविवार को वह अपनी ड्यूटी के सिलसिले में गेस्ट हाउस गया था। चिराग गेस्ट हाउस से चेचिस के जरूरी कागजात और 25 हजार रुपये नकद लेकर लौट रहा था।नीलडीह ब्रिज के पास पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने न केवल उसे बुरी तरह जख्मी किया, बल्कि उसके पास मौजूद नकदी भी छीन ली।

नामजद आरोपियों ने किया हमला

परिजनों ने बस्ती के ही कुछ युवकों पर हमले का सीधा आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार हमले में मुख्य रूप से देवा, राजू, गब्बर, जसप्रीत और उनके साथ आए 15-20 अन्य अज्ञात युवक शामिल थे।बताया जा रहा है कि शनिवार रात भी इन आरोपियों ने मारपीट की थी, लेकिन तब पुलिस में शिकायत नहीं की गई थी। इसी बात से बेखौफ अपराधियों ने रविवार को दोबारा और अधिक हिंसक तरीके से हमला किया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर घायल चिराग के परिजनों का बयान दर्ज किया है।दिनदहाड़े हुई इस वारदात से नीलडीह और नामदा बस्ती इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

More From Author

जमशेदपुर: खालसा स्कूल के पास कार की चपेट में आए 4 वर्षीय आरुष की मौत, शव के साथ परिजनों का प्रदर्शन

स्व. नीला सरकार की जयंती पर टीम पीएसएफ का रक्तदान अभियान, 1793 यूनिट एसडीपी रक्तदान समर्पित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *