जमशेदपुर: बर्मामाइंस की सिद्धू-कानू बस्ती में भारी हंगामा, अवैध पानी कनेक्शन काटने पहुंची टीम पर मारपीट का आरोप

जमशेदपुर: शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धू-कानू बस्ती में आज सुबह उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब टाटा स्टील यूआईएसएल की टीम अवैध पानी कनेक्शन काटने पहुंची। बस्तीवासियों का आरोप है कि टीम के सदस्यों ने विरोध करने पर महिलाओं, बच्चों और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के साथ मारपीट की, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं।

सुबह 10:30 बजे पहुंची थी टीम, ट्रांसजेंडर के चेहरे पर आई गंभीर चोट

प्रत्यक्षदर्शियों और बस्तीवासियों के अनुसार, पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे कंपनी की तीन गाड़ियों पर सवार होकर लगभग डेढ़ दर्जन लोग बस्ती पहुंचे थे। जैसे ही टीम ने अवैध पानी कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू की, स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर टीम के सदस्यों ने हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान एक ट्रांसजेंडर के चेहरे पर गंभीर चोट आई है और वहां से खून निकलने लगा।बस्तीवासियों का कहना है कि कार्रवाई के नाम पर टीम ने महिलाओं और मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा।

150 घरों में पानी का संकट, ‘वैध कनेक्शन’ की मांग

बस्तीवासियों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि यहां लगभग 150 परिवार रहते हैं, जो लंबे समय से बुनियादी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।
“हम अवैध कनेक्शन के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन हमारी मांग है कि कंपनी पहले हमें वैध पानी कनेक्शन उपलब्ध कराए। पानी जैसी बुनियादी सुविधा के बिना हम कैसे रहेंगे? बिना विकल्प दिए कार्रवाई करना और मारपीट करना पूरी तरह गलत है।” — स्थानीय निवासी।

जदयू नेता ने पुलिस से की शिकायत, जांच की मांग

घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में जदयू के बर्मामाइंस मंडल के नेता ने सक्रियता दिखाते हुए पुलिस से लिखित शिकायत की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है जिसमे उन्होंने मारपीट करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज हो।बस्ती में पेयजल आपूर्ति के लिए वैध कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू की जाए।प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच करे ताकि भविष्य में ऐसी हिंसक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

More From Author

शीतला मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ ध्वज पूजन, 25 मार्च को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

जमशेदपुर: पेड़ से लटका मिला अज्ञात युवती का शव, इलाके में फैली सनसनी