जमशेदपुर: जमशेदपुर में स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल के मुख्य गेट पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिक्योरिटी गार्ड और मरीज के परिजन के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
हेलमेट को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार एक युवक अपने अस्पताल में भर्ती पिता को डिस्चार्ज कराने के लिए टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान अस्पताल के मुख्य गेट पर हेलमेट पहनने को लेकर उसकी सिक्योरिटी गार्ड से कहासुनी हो गई।बताया जा रहा है कि गार्ड ने युवक को नियमों के अनुसार हेलमेट पहनने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी।
लोगों में आक्रोश, अस्पताल गेट किया जाम

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और विरोध जताते हुए अस्पताल के मुख्य गेट को जाम कर दिया।गेट जाम होने की वजह से कुछ समय के लिए अस्पताल के सामने यातायात भी प्रभावित हो गया और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया और माहौल को शांत कराया।फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
