जमशेदपुर। झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर जमशेदपुर के वोटों की गिनती सोमवार से शुरू होगी। इस चुनाव में राज्यभर से कुल 100 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें जमशेदपुर के 12 प्रत्याशी भी शामिल हैं। बार काउंसिल के 23 सदस्यों के चुनाव के लिए 12 मार्च को मतदान कराया गया था।
अल्फाबेटिकल क्रम से हो रही है वोटों की गिनती
झारखंड के करीब ढाई दर्जन से अधिक जिला और अनुमंडल बार एसोसिएशन के मतों की गिनती अल्फाबेटिकल क्रम के आधार पर की जा रही है। इसी प्रक्रिया के तहत अलग-अलग जिलों के वोटों की गिनती क्रमवार पूरी की जा रही है।
घाटशिला के अधिवक्ताओं के वोटों की गिनती पूरी
जानकारी के अनुसार पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। अब सोमवार से जमशेदपुर के अधिवक्ताओं द्वारा डाले गए मतों की गिनती शुरू होगी।
वकीलों की नजरें परिणाम पर टिकी
बार काउंसिल चुनाव को लेकर राज्यभर के अधिवक्ताओं की नजरें परिणाम पर टिकी हुई हैं। जमशेदपुर के 12 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला भी अब वोटों की गिनती के बाद सामने आएगा।बताया जाता है कि चुनाव परिणाम आने के बाद झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 23 नए सदस्यों का गठन किया जाएगा, जो आने वाले कार्यकाल में राज्य के अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर काम करेंगे।
