बोकारो के गोमिया में हाथियों की दस्तक, फॉरेस्ट विभाग ने जारी किया अलर्ट

बोकारो। जिले के गोमिया क्षेत्र में हाथियों की गतिविधि बढ़ने के बाद वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आसपास के सभी गांवों के लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।वन विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार क्षेत्र में हाथियों के दो अलग-अलग झुंड देखे गए हैं। पहला झुंड जगेश्वर के पास जबकि दूसरा झुंड गांगपुर और धरमपुर के आसपास देखा गया है।

कई गांवों के लोगों को दी गई विशेष चेतावनी

वन विभाग ने महुआटांड़, जगेश्वर और बड़की पुन्नू क्षेत्र के सभी आसपास के गांवों के ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाथियों की मौजूदगी के कारण किसी भी समय खतरा हो सकता है, इसलिए ग्रामीण पूरी तरह सतर्क रहें।

बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की सलाह

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जब तक कोई बहुत जरूरी काम या आपात स्थिति न हो, तब तक घर से बाहर न निकलें। अपनी सुरक्षा के लिए ग्रामीणों को पक्के मकानों के अंदर रहने या जरूरत पड़ने पर छत पर सुरक्षित स्थान लेने की सलाह दी गई है।

हाथी दिखने पर न घबराने की अपील

विभाग ने यह भी कहा है कि यदि हाथी गांव या घर के आसपास दिखाई दे तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे समय में भीड़ इकट्ठा करने या हाथियों को उकसाने से बचें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।किसी भी आपात स्थिति में वन विभाग की क्यूआरटी टीम को तुरंत जानकारी देने को कहा गया है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

More From Author

जमशेदपुर में 3 से 5 अप्रैल तक होगा स्टील सिटी क्लासिक चैम्पियनशिप 2026, प्रेस वार्ता में दी गई जानकारी

जमशेदपुर में किराया वृद्धि के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन, नोटिफाइड एरिया कमेटी कार्यालय के सामने जताया विरोध