जमशेदपुर गोलीकांड का खुलासा: पुरानी रंजिश में विक्की पर चली थी गोलियां; हथियार के साथ मास्टरमाइंड विकास महतो समेत 4 गिरफ्तार

जमशेदपुर: जमशेदपुर के ओलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत डिमना बस्ती रोड पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। उमा टिफिन के पास ऑल्टो कार सवार विक्रम सिंह उर्फ विक्की को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार अपराधियों को धर दबोचा है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार और बाइक भी बरामद की गई है।

एसआईटी की छापेमारी: जर्जर क्वार्टर से दबोचे गए अपराधी

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी और डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने वसुंधरा स्टेट के पास स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट भवन के एक जर्जर क्वार्टर में दबिश दी।घेराबंदी कर पुलिस ने घटना में शामिल चारों आरोपियों— विकास महतो, कृष्णा सिंह उर्फ लल्ला, राखाल कुम्भकार और उनके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों के पास से दो अवैध हथियार (पिस्तौल), जिंदा कारतूस और हमले में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।

खुलासे में चौंकाने वाली वजह: 3 साल पुराना बदला

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास महतो ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए हमले की पीछे की वजह बताई। विकास ने बताया कि करीब तीन साल पहले घायल विक्रम सिंह (विक्की) ने उसके भाई के साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी दी थी।भाई के अपमान और धमकी का बदला लेने के लिए विकास ने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्की की हत्या की योजना बनाई। जैसे ही विक्की अपनी ऑल्टो कार से उमा टिफिन के पास पहुँचा, घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

कानूनी कार्रवाई और पुलिस की मुस्तैदी

ओलीडीह ओपी में दर्ज कांड संख्या 75/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वाले अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। घायल विक्रम सिंह का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहाँ उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई के लिए स्थानीय लोगों ने जमशेदपुर पुलिस की सराहना की है।

More From Author

जमशेदपुर: हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिजनों का थाने पर प्रदर्शन

जमशेदपुर: ‘उत्कल दिवस’ पर ओड़िया संस्कृति की अनुपम छटा, उत्कल एसोसिएशन के महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

Recent News