जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा क्षेत्र में गर्मी की दस्तक के साथ ही गहराते पेयजल संकट को देखते हुए राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं। बुधवार, 1 अप्रैल से क्षेत्र में तारापुर कंपनी के माध्यम से टैंकरों द्वारा पानी की आपूर्ति का शुभारंभ किया गया। इस नई व्यवस्था के तहत अब प्रति टैंकर दो ट्रिप पानी देने की योजना प्रभावी हो गई है, जिससे अधिक से अधिक घरों तक पेयजल पहुँच सके।
गांधीनगर और हनुमान मंदिर क्षेत्र से हुई शुरुआत
स्थानीय समाजसेवी और नेता सुबोध झा के प्रयासों से शुरू हुई इस सेवा के पहले दिन। बागबेड़ा के गांधीनगर शाखा मैदान और हनुमान मंदिर के समीप टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की गई।गर्मी की शुरुआत में ही जलस्तर नीचे जाने के कारण इन क्षेत्रों में पानी की किल्लत बढ़ गई थी, जिसे देखते हुए तारापुर कंपनी ने अपनी सेवा का दायरा बढ़ाया है।
टाटा स्टील और जुस्को से विशेष अपील
सुबोध झा ने तारापुर कंपनी की इस पहल की सराहना करने के साथ-साथ टाटा स्टील और जुस्को (अब टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड) प्रबंधन से भी आग्रह किया है।हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भीषण गर्मी को देखते हुए जुस्को के माध्यम से पानी के टैंकरों का परिचालन सुचारू रूप से शुरू किया जाए।उन्होंने कहा कि बागबेड़ा की विशाल आबादी को देखते हुए केवल एक एजेंसी के टैंकर पर्याप्त नहीं हैं। जुस्को के टैंकरों के आने से बागबेड़ा के दूर-दराज के इलाकों में भी राहत मिलेगी।
गर्मी में राहत की उम्मीद
बागबेड़ा क्षेत्र में हर साल अप्रैल से जून के बीच जल संकट गंभीर रूप ले लेता है। ऐसे में टैंकरों की संख्या और उनके फेरे बढ़ाना स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। सुबोध झा ने जिला प्रशासन से भी बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के कार्यों में तेजी लाने की मांग की है ताकि टैंकरों पर निर्भरता कम हो सके।
