जमशेदपुर: आजाद नगर में पत्नी को पीटा, विरोध करने पर सरेआम हथियार लहराकर भागे दो युवक

जमशेदपुर :लौहनगरी के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगोर स्वीट्स के समीप बुधवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो युवकों ने बीच सड़क पर हथियार लहराकर स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी। यह पूरी घटना पारिवारिक विवाद से शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते एक गंभीर आपराधिक मोड़ ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

हाईवे पर विवाद, घर लौटते समय मारपीट

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शारिक इमाम अपनी पत्नी को अपने दोस्त सलमान के साथ बाइक पर लेकर हाईवे की ओर गया था। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान पति-पत्नी के बीच पुराना विवाद फिर से गहरा गया। लौटते वक्त शारिक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया और उसने चलती बाइक पर ही अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे सड़क पर हंगामा खड़ा हो गया।

भीड़ जुटी तो लहराया हथियार; जांबाज युवक से बच निकले आरोपी

महिला के साथ हो रही मारपीट को देख स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जुटने लगे। खुद को भीड़ से घिरा देख आरोपियों ने खौफनाक कदम उठाया: भीड़ को पीछे धकेलने के लिए शारिक और उसके दोस्त सलमान ने अचानक हथियार (कट्टा/पिस्तौल) निकाल लिया और लोगों की ओर तानते हुए लहराने लगे। इससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी बीच एक स्थानीय युवक ने अपनी जान की परवाह न करते हुए आरोपियों को दबोचने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पीड़िता को सुरक्षित गंगोर स्वीट्स तक पहुँचाया और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही आज़ाद नगर थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पीड़िता के अनुसार, उसका पति के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में गश्त बढ़ा दी है।थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

More From Author

जमशेदपुर: बागबेड़ा में जल संकट दूर करने की पहल; तारापुर कंपनी के टैंकरों ने शुरू की ‘डबल ट्रिप’ सप्लाई, सुबोध झा ने जुस्को से भी की मांग

जमशेदपुर: गोलमुरी के बजरंगनगर में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में दो गंभीर रूप से घायल, टीएमएच में एक की हालत नाजुक

Recent News