आदित्यपुर के साल्डीह बस्ती में 20–25 अपराधियों का आतंक, फायरिंग की कोशिश और पत्थरबाजी से मचा हड़कंप

आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के साल्डीह बस्ती में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब 20 से 25 की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने बस्ती में पहुंचकर गोली चलाने की कोशिश की और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान अपराधियों ने चापर और अन्य हथियारों से हमला करने का भी प्रयास किया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

हथियारों के साथ पहुंचे थे अपराधी

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे 20 से 25 की संख्या में अपराधी लोह-लश्कर और हथियारों के साथ साल्डीह बस्ती पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने बस्ती में पत्थरबाजी शुरू कर दी और पिस्तौल से गोली चलाने की भी कोशिश की। हालांकि बस्तीवासियों के विरोध और दबाव के कारण अपराधी मौके से भागने लगे।

घटना में कई अपराधियों के नाम आए सामने

इस घटना में शामिल अपराधियों के रूप में आलोक, छुटु महतो, गोविंदा, प्रेम बच्चा, चंदन बच्चा, सुदेश लंबू, सागर महतो, पवन महतो, राजू कुमार, रवि नायक, शुभम महंती समेत कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस इन सभी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

मौके से पुलिस ने बरामद की जिंदा गोली और मैगजीन

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा गोली और एक मैगजीन बरामद की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

बस्तीवासियों में डर और आक्रोश

बस्तीवासियों का कहना है कि 20 से 25 युवक अक्सर नशे की हालत में बस्ती में पहुंचते हैं और लोगों को डराते-धमकाते हैं। कई बार जान से मारने की कोशिश भी की गई है। गुरुवार को भी अपराधियों द्वारा फरसा से हमला किया गया था, जिसमें बस्ती का एक व्यक्ति घायल हो गया था।

पुलिस ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

इस संबंध में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने स्पष्ट कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल साल्डीह बस्ती में हुई इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है।

More From Author

गुड फ्राइडे पर जमशेदपुर के चर्चों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, यीशु मसीह के बलिदान को किया याद

जमशेदपुर के आरएमएस हाई स्कूल की रजत जयंती 5 अप्रैल को, 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा का होगा भव्य उत्सव