जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित छायानगर में 31 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे हुए सनसनीखेज हमले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस घटना में अपराधियों ने नंदू लोहार उर्फ नंदू कर्मकार और सन्नी पुष्टि पर गोली एवं चापड़ से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।घटना के बाद घायल नंदू लोहार के फर्द बयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना में कांड संख्या 35/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
डीएसपी के नेतृत्व में बनी विशेष टीम
गठित विशेष टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) भोला प्रसाद सिंह कर रहे थे। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है।
करण वर्मा (21 वर्ष)
निर्भय सिंह उर्फ छोटका (19 वर्ष)
संतोष वर्मा उर्फ मुन्ना (21 वर्ष)
कुणाल मुंडा उर्फ छिला (23 वर्ष)
चारों आरोपी छायानगर, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पटना भागने की फिराक में थे आरोपी
पुलिस के अनुसार चारों आरोपी मानगो बस स्टैंड से गिरफ्तार किए गए, जहां वे बस के माध्यम से पटना भागने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर उन्हें पकड़ लिया।
हथियार और मोबाइल बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, तीन चापड़ और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामले की आगे भी जांच जारी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और घटना में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।
