जमशेदपुर: जमशेदपुर में रेलवे के परिचालन में लगातार हो रही अव्यवस्था और ट्रेनों की लेटलतीफी के विरोध में सोमवार को साकची स्थित जेएनएसी गोल चक्कर के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस सहकारिता विभाग के अध्यक्ष चिन्ना राव ने किया।धरना में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ट्रेनों के समय पर संचालन की मांग उठाई।
चांडिल से जमशेदपुर की दूरी तय करने में लग रहे 4 घंटे
धरना के दौरान कांग्रेस नेता विजय यादव ने कहा कि रेलवे की लापरवाही के कारण यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि चांडिल से जमशेदपुर जैसी कम दूरी तय करने में पैसेंजर ट्रेन को करीब 4 घंटे का समय लग रहा है, जबकि सामान्य परिस्थितियों में यह दूरी महज आधे घंटे में पूरी हो सकती है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई अन्य ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से काफी देर से चल रही हैं।
नौकरीपेशा और छात्रों को हो रही परेशानी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ट्रेनों की लगातार देरी के कारण आम लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
परिचालन व्यवस्था सुधारने की मांग
धरना में शामिल नेताओं ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि ट्रेनों के परिचालन में सुधार किया जाए, समय सारिणी का सख्ती से पालन हो और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
