जादूगोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यूसिल के कर्मी संजय श्रेष्ठ के पिता रतन बहादुर श्रेष्ठ (80) की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना राखा कॉपर कॉलोनी स्थित पुराने नर्सरी स्कूल परिसर की बताई जा रही है।
सुबह लोगों ने देखा खून से लथपथ शव
मिली जानकारी के अनुसार रतन बहादुर श्रेष्ठ बीती रात किसी कार्य से जादूगोड़ा से राखा कॉलोनी आए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। सुबह स्थानीय लोगों ने पुराने नर्सरी स्कूल परिसर में एक वृद्ध व्यक्ति को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा।घटनास्थल पर एक महिला घायल अवस्था में भी मिली, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना जादूगोड़ा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना के एसआई प्रीतम राज अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।पुलिस घायल महिला से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
इलाके में दहशत और आक्रोश
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात हमलावर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
