सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के तेलीसाई टोला में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाले 45 वर्षीय मसाला कारोबारी रंजन साहू ने अपने घर के कमरे में पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण रंजन को बचाने का मौका नहीं मिल सका। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे टोले में शोक की लहर है।
स्कूल से लौटी पत्नी ने देखा खौफनाक मंजर
जानकारी के अनुसार, रंजन साहू विवाहित थे और उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।बुधवार दोपहर को जब रंजन की पत्नी दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने और फिर उन्हें वापस लेने गई हुई थी, उसी बीच रंजन ने यह आत्मघाती कदम उठाया। दोपहर में जब पत्नी बच्चों को लेकर घर लौटी, तो उसने पति को फंदे से झूलता पाया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
आर्थिक तंगी बनी वजह? पुलिस कर रही जांच
रंजन साहू स्थानीय बाजार में मसालों का कारोबार करते थे। स्थानीय सूत्रों और चर्चाओं के अनुसार प्राथमिक तौर पर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि रंजन पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे, जिसके कारण वे मानसिक तनाव में थे। सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को फंदे से नीचे उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, सरायकेला पुलिस का कहना है कि वे मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं।”पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही आत्महत्या के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा।”इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है और छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
