जमशेदपुर: बुधवार शाम हुई कुछ मिनट की बारिश ने मानगो नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी। हल्की बारिश के बाद ही शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।बारिश के कारण गंदगी से भरे नालों का पानी सड़कों पर बहने लगा। हालात इतने खराब हो गए कि कुछ घरों और मंदिरों में भी गंदा पानी घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
छोटा पुल इलाके में सबसे खराब हालात
सबसे खराब स्थिति मानगो के छोटा पुल इलाके में देखने को मिली, जहां घुटने तक पानी भर गया। जलजमाव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा । इसके बावजूद कई लोग बड़े पुल पर लगने वाले जाम से बचने के लिए जोखिम उठाकर इसी रास्ते से गुजरते नजर आए।
नालों की सफाई नहीं होने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा नालों की समय पर सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण हर बार बारिश के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
जलनिकासी व्यवस्था सुधारने की मांग
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं से लोगों को राहत मिल सके।
