बागबेड़ा: स्वच्छता और बेहतर कचरा प्रबंधन को लेकर बागबेड़ा क्षेत्र में “घर-घर कचरा उठाओ” स्वच्छता मिशन के तहत सर्वे अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान की पहल जिला पार्षद डॉ. कविता परमार के लगातार प्रयास और जिला प्रशासन से संवाद के बाद संभव हो पाई।डॉ. कविता परमार ने इस विषय पर उपायुक्त और उप विकास आयुक्त से कई बार आग्रह किया था। उनके प्रयासों के बाद उपायुक्त के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल पदाधिकारी की अध्यक्षता में बागबेड़ा क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इसी बैठक में घर-घर कचरा संग्रहण योजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया।
शुक्रवार से शुरू हुआ घर-घर सर्वे अभियान
बैठक के अगले दिन 10 अप्रैल, शुक्रवार को बागबेड़ा के जिला पार्षद, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से घर-घर कचरा उठाओ योजना के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया गया।सर्वे अभियान की शुरुआत मध्य बागबेड़ा पंचायत के रोड नंबर 5 और बागबेड़ा कॉलोनी के रोड नंबर 2 से की गई।
सर्वे में जुटाई जा रही महत्वपूर्ण जानकारी
सर्वे के दौरान प्रत्येक घर से निम्नलिखित जानकारियां एकत्र की जा रही हैं जिसमे घर का नंबर,परिवार के सदस्यों की संख्या,संपर्क नंबर,कचरा उठाव सेवा के लिए शुल्क देने की मौखिक सहमति।इसके साथ ही टीम द्वारा लोगों को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है ताकि यह योजना पूरी तरह सफल हो सके।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी
इस सर्वे अभियान में बागबेड़ा कॉलोनी और मध्य बागबेड़ा पंचायत के कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। क्षेत्र के लोग कचरा प्रबंधन की इस पहल को लेकर उत्साहित दिखाई दिए और इसे स्वच्छता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
अभियान में ये लोग रहे मौजूद
इस अभियान में मुख्य रूप से जिला पार्षद डॉ. कविता परमार,मुखिया राजकुमार,मुखिया उमा मुंडा,पंचायत समिति सदस्य राजू सिंह, झरना मिश्रा,वार्ड सदस्य उमेश पांडे, पुष्पा, अभिषेक उपाध्याय,प्रतिनिधि केडी मुंडा,वार्ड सदस्य प्रतिनिधि चंदन, प्रदीप, राकेश कुमार, कुमार विशाल मौजूद रहे।ग्रामीणों में मुख्य रूप से समाजसेवी भोला झा, सतीश सिंह, रवि शंकर सिंह, विनोद सिंह, संतोष सिंह, राजीव तिवारी, कॉलोनी पंचायत सहायक प्रभात कुमार तथा दोनों पंचायतों के सचिव चंद्र मोहन सोरेन और अल्बीना तिर्की उपस्थित रहे।सर्वे के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित कुमार, कनीय अभियंता विजय भूषण तथा सहायक अभियंता ने भी इस अभियान में सहयोग किया।
स्वच्छता की दिशा में बड़ा कदम
स्थानीय लोगों का कहना है कि घर-घर कचरा उठाने की व्यवस्था शुरू होने से क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और कचरे के उचित प्रबंधन में भी मदद मिलेगी। यह पहल बागबेड़ा को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
