जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में शनिवार को एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने से बड़ा हादसा हो गया। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के एग्रिको इलाके में एक कार टिस्को क्वार्टर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुई कार
मिली जानकारी के अनुसार JH05DR 3971 नंबर की कार काफी तेज गति से चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे टिस्को क्वार्टर की दीवार से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्वार्टर की दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी।
बड़ा हादसा टला, लोग बाल-बाल बचे
घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य कारण से हुआ।
स्थानीय लोगों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एग्रीको जैसे रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
