सोनुवा। सोनुवा और कराईकेला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फरार हार्डकोर नक्सलियों के घरों पर कोर्ट का इश्तेहार चस्पा किया। यह कार्रवाई सोनुवा थाना क्षेत्र के कुदाबुरु गांव और आईलिपि गांव में की गई।
फरार नक्सलियों के घर चस्पा किया गया इश्तेहार
पुलिस ने कुदाबुरु गांव निवासी हार्डकोर नक्सली सालुका कायम उर्फ भुवनेश्वर कायम तथा आईलिपि गांव निवासी रिसीव उर्फ जिउरी उर्फ उषा सोय के घर पर कोर्ट का इश्तेहार चस्पा किया।इस दौरान पुलिस ने दोनों नक्सलियों के परिजनों को अदालत के आदेशानुसार जल्द से जल्द सरेंडर कराने का निर्देश दिया।
नक्सली हिंसा मामले में दर्ज है केस
पुलिस के अनुसार दोनों नक्सलियों के खिलाफ कराईकेला थाना कांड संख्या 15/2024 के तहत नक्सली हिंसा से जुड़ा मामला दर्ज है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे हैं।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
कोर्ट के आदेश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान सोनुवा और कराईकेला थाना की पुलिस टीम के अधिकारी और जवान मौजूद थे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपी जल्द सरेंडर नहीं करते हैं तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
