बोकारो: बोकारो की एक छात्रा ने आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई छूट जाने पर राज्य सरकार से मदद की अपील की है। बोकारो के सेक्टर 4/जी की रहने वाली प्रिया कुमारी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा से भावुक अपील करते हुए कहा है कि वह पढ़ना चाहती है, लेकिन घर की खराब आर्थिक स्थिति के कारण उसकी पढ़ाई रुक गई है।
“सर, मुझे पढ़ना है… मेरी मदद कीजिए”
प्रिया कुमारी ने हाथ जोड़कर सरकार से गुहार लगाई है कि वह आगे पढ़ाई करना चाहती है और इंजीनियर बनने का सपना देखती है। उसने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण उसे स्कूल से निकाल दिया गया और वह अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पा रही है।
पिता की दुर्घटना के बाद बिगड़ी आर्थिक स्थिति
जानकारी के अनुसार, प्रिया बोकारो के सेक्टर 8/बी स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती थी। कुछ समय पहले उसके पिता का सड़क दुर्घटना में कमर टूट गई, जिसके बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई। घर में आमदनी का कोई स्थायी स्रोत नहीं रहने के कारण स्कूल की फीस जमा नहीं हो पाई।प्रिया का कहना है कि फीस नहीं देने के कारण स्कूल प्रबंधन ने उसे कक्षा 8 की परीक्षा देने से भी रोक दिया और स्कूल आने से भी मना कर दिया।
स्कूल से वापस भेजे जाने का आरोप
प्रिया ने बताया कि जब वह पढ़ाई जारी रखने के लिए स्कूल पहुंची तो वहां की प्रिंसिपल ने उसे डांटकर वापस भेज दिया। इसके बाद से उसकी पढ़ाई पूरी तरह से रुक गई है।
इंजीनियर बनने का सपना
प्रिया ने कहा कि वह पढ़-लिखकर इंजीनियर बनना चाहती है, लेकिन घर की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि कई बार खाने के लिए भी परेशानी होती है। ऐसे में उसने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से मदद की अपील की है ताकि वह अपनी पढ़ाई जारी रख सके।
लोगों का पसीजा दिल
एक ओर जहां संसद में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी ओर एक छात्रा का आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई से वंचित होना समाज के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। प्रिया की मार्मिक अपील ने लोगों का दिल पसीजा दिया है और अब सभी को उम्मीद है कि प्रशासन उसकी मदद के लिए आगे आएगा।
