जमशेदपुर: कदमा में पूर्व सैनिक से पुलिस की मारपीट का आरोप, एसएसपी से की शिकायत

जमशेदपुर। शहर के कदमा थाना क्षेत्र से पुलिस और एक पूर्व सैनिक के बीच विवाद का मामला सामने आया है, जिसने तूल पकड़ लिया है। शास्त्रीनगर निवासी पूर्व नौसैनिक प्रकाश कुमार पटेल ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की है।शनिवार को वे अन्य पूर्व सैनिकों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।

दुकान के पास हुई बहस, विवाद बढ़ा

पीड़ित के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:40 बजे वे ब्लॉक नंबर-3 चौक स्थित एक दुकान पर गए थे। उसी समय वहां पहुंची पीसीआर टीम सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों की तस्वीरें ले रही थी।जब वे अपनी गाड़ी से वापस लौट रहे थे, तभी एएसआई महावीर उपाध्याय ने उन्हें रोक लिया। कारण पूछने पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

मारपीट और गाली-गलौज का आरोप

प्रकाश कुमार का आरोप है कि बहस के दौरान एएसआई ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें थप्पड़ मार दिया, जिससे उनके कान में चोट लग गई।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद पीसीआर वाहन के ड्राइवर संजीव कुमार भी गाड़ी से उतरकर उनके साथ मारपीट करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख जब वे वहां से हटने लगे, तो ड्राइवर ने उनका पीछा करने की भी कोशिश की।

घटना का वीडियो होने का दावा

पीड़ित ने दावा किया है कि उन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया है, जिसमें पुलिसकर्मी गाली-गलौज करते और उन्हें दौड़ाते नजर आ रहे हैं।यह वीडियो उन्होंने एसएसपी को साक्ष्य के रूप में सौंपा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि एएसआई नशे की हालत में थे और उनकी वर्दी भी ठीक स्थिति में नहीं थी।

गाड़ी थाना ले जाने का आरोप

घटना के बाद उनकी गाड़ी को कदमा थाना ले जाया गया। हालांकि, बाद में जब वे अपने पूर्व सैनिक साथियों के साथ थाना पहुंचे, तो गाड़ी छोड़ दी गई।

पूर्व सैनिकों में नाराजगी

इस घटना को लेकर पूर्व सैनिकों में नाराजगी देखी गई। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध भी जताया।

पुलिस का बयान अभी नहीं

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

More From Author

मानगो में होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन, सरकार से फैसला वापस लेने की मांग

जमशेदपुर: अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी, ट्रेलर ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष ने प्रशासन को सौंपा अल्टीमेटम