जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष जया किशोर सिंह ने प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। उन्होंने वरीय आरक्षी अधीक्षक , उपायुक्त और एसडीओ को लिखित आवेदन देकर 27 अप्रैल 2026 को आत्मदाह करने की घोषणा की है।
“दो महीने बाद भी पुलिस के हाथ खाली”
जया किशोर सिंह ने अपने आवेदन में बर्मामाइंस थाना कांड संख्या-08/2026 एवं 10/2026 का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के दो महीने बीत जाने के बाद भी अनुसंधान पदाधिकारी द्वारा अभियुक्तों को नहीं पकड़ा गया है।गिरफ्तारी न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में किसी बड़ी अप्रिय घटना या आपराधिक साजिश को अंजाम दे सकते हैं।
जांच अधिकारी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल
एसोसिएशन के अध्यक्ष ने पुलिस की जांच प्रक्रिया को ‘संदिग्ध’ और ‘नियमों के विरुद्ध’ बताया है। अनुसंधान पदाधिकारी पर आरोप है कि वे गवाहों के बयान लिए बिना ही केस डायरी में फर्जी तथ्यों का उल्लेख कर रहे हैं।आवेदन में कहा गया है कि गलत तथ्यों के आधार पर न्यायालय में रिपोर्ट पेश की जा रही है, जिससे निष्पक्ष न्याय की उम्मीद खत्म हो रही है।जया किशोर सिंह ने कहा कि पुलिस की इस कार्यप्रणाली से वे खुद को मानसिक रूप से बेहद प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं।
27 अप्रैल को आंदोलन की रूपरेखा
प्रशासन की सुस्ती से तंग आकर पीड़ित ने आंदोलन का अंतिम रास्ता चुना है। 27 अप्रैल को उपायुक्त कार्यालय परिसर में भूख हड़ताल शुरू करेंगे। यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे उसी परिसर में आत्मदाह करेंगे।
