जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने पिछले एक माह की कार्रवाई की समीक्षा की और भविष्य के लिए सख्त निर्देश जारी किए।
कार्रवाई की रिपोर्ट: 25 वाहन जब्त, लाखों का जुर्माना
समीक्षा के दौरान 19 मार्च से 17 अप्रैल 2026 तक की गई कार्रवाई के आंकड़े पेश किए गए। कुल 25 वाहन जब्त किए गए, जिनमें 16 हाईवा, 07 ट्रैक्टर और 02 टाटा 407 शामिल हैं। अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ 07 प्राथमिकी दर्ज कराई गई।उल्लंघनकर्ताओं से 4 लाख 29 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
बड़े माफियाओं और इको-सेंसिटिव जोन पर विशेष नजर
बैठक में मौजूद एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल जी आनंद और अन्य अधिकारियों ने कड़े दिशा-निर्देश दिए। अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे केवल वाहनों को पकड़ने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने क्षेत्रों के बड़े खनन माफियाओं की पहचान कर उन पर सीधी कार्रवाई करें। वन विभाग को सख्त निर्देश दिए गए कि संरक्षित और ईको-सेंसिटिव जोन के भीतर चल रहे अवैध क्रशर और उत्खनन को तुरंत बंद कराया जाए। परिवहन विभाग को बिना पंजीकरण संख्या वाले वाहनों और ओवरलोडेड हाईवा की सघन जांच के निर्देश दिए गए। प्रदूषण और अवैध ईंट भट्ठों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई।
सघन अभियान रहेगा जारी
उपायुक्त के प्रतिनिधि के रूप में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन का सघन अभियान निरंतर जारी रहेगा। नदियों से बालू के अवैध उठाव पर रोक लगाने के लिए अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है।
बैठक में मुख्य रूप से शामिल हुए
एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त संतोष गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल जी आनंद, डीटीओ धनंजय, डीएमओ सतीष नायक, एसडीपीओ घाटशिला सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी। प्रखंडों के सीओ और थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
