जमशेदपुर: विधायक निधि से बिल्डर के लिए डीप बोरिंग? विकास सिंह ने सरयू राय पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप; मुख्यमंत्री से की शिकायत

जमशेदपुर : मानगो के बालीगुमा क्षेत्र में पानी की किल्लत के बीच विधायक निधि के इस्तेमाल को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा नेता विकास सिंह ने बालीगुमा सुखना बस्ती के वार्ड पार्षद राजेश सिंह के एक वीडियो का हवाला देते हुए विधायक सरयू राय और मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल दागे हैं।

क्या है पूरा मामला?

विकास सिंह का आरोप है कि जहाँ एक ओर बालीगुमा की सुखना बस्ती के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, वहीं विधायक सरयू राय ने जनहित को ताक पर रखकर एक बिल्डर को फायदा पहुँचाया है। आरोप है कि विधायक निधि की लगभग साढ़े छह लाख रुपये की लागत से एक डीप बोरिंग करवाई गई है। यह बोरिंग बिल्डर द्वारा नक्शा पास कराते समय छोड़े गए ‘ऑफसेट’ (निजी परिसर) में की गई है। विकास सिंह के अनुसार, इस बोरिंग का उद्देश्य जनता की प्यास बुझाना नहीं, बल्कि सीधे तौर पर बिल्डर के प्रोजेक्ट को लाभ पहुँचाना है। इसमें मानगो नगर निगम की मिलीभगत का भी आरोप लगाया गया है।

“ईमानदारी का चोला पहनकर भ्रष्टाचार”

विकास सिंह ने विधायक सरयू राय पर तंज कसते हुए कहा कि सरकारी राशि जनता के खून-पसीने की कमाई (टैक्स) से आती है, न कि बिल्डरों की तिजोरी भरने के लिए।”इतना बड़ा भ्रष्टाचार केवल वही लोग कर सकते हैं जो ईमानदारी का चोला पहने रहते हैं। एक तरफ बस्ती प्यासी है और दूसरी तरफ विधायक जी बिल्डर की निजी जमीन में सरकारी खर्चे पर बोरिंग करा रहे हैं।”

मुख्यमंत्री से संज्ञान लेने की मांग और आंदोलन की चेतावनी

विकास सिंह ने इस पूरे मामले को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे एक बड़ा आंदोलन करेंगे। विकास सिंह ने स्पष्ट कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो इस भ्रष्टाचार के खिलाफ होने वाले आंदोलन को पूरा झारखंड देखेगा।

More From Author

जमशेदपुर में राज्य का पहला हाथी रेस्क्यू और केयर सेंटर शुरू, घायल हाथियों को मिलेगा समय पर इलाज

जमशेदपुर के बिरसानगर में घर में घुसकर चोरी, 75 हजार नकद और 2 लाख के गहने ले गए चोर