जमशेदपुर :मानगो थाना अंतर्गत एनएच-33 पर टेलीफोन एक्सचेंज के समीप स्थित एक लकड़ी टाल के गोदाम में गुरुवार को अचानक आग लग गई। यह गोदाम आशुतोष कुमार का बताया जा रहा है। सूखी लकड़ियां होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिसकी लपटें दूर-दूर तक देखी गईं।
समय पर पहुंचे दमकलकर्मी
आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया। स्थानीय युवाओं और निवासियों ने भी दमकल टीम की भरपूर मदद की।
विधायक प्रतिनिधि ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए कहा आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चला है। पुलिस और दमकल विभाग इसकी जांच करेंगे कि यह शॉर्ट सर्किट से हुआ या कोई अन्य कारण था।पप्पू सिंह ने कहा कि यदि फायर ब्रिगेड पहुंचने में थोड़ी भी देरी होती, तो आसपास के रिहायशी इलाकों और अन्य दुकानों तक आग फैल सकती थी।
लाखों का नुकसान
प्राथमिक अनुमान के अनुसार, इस आगजनी में गोदाम में रखी कीमती लकड़ियां जलकर राख हो गई हैं, जिससे मालिक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन अब आग लगने की तकनीकी वजहों और सुरक्षा मानकों की जांच कर रहा है।
