चाईबासा: सारंडा के जंगल में आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आया जंगली हाथी; हालत नाजुक, वन विभाग रेस्क्यू में जुटा

चाईबासा :झारखंड के चाईबासा जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित सारंडा जंगल से एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक जंगली हाथी आईईडी ब्लास्ट के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद वन विभाग की टीम हाथी को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है, लेकिन हाथी की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ग्रामीणों ने दी घायल हाथी की सूचना

घटना का खुलासा रविवार शाम को हुआ जब जराइकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव के पास कुछ ग्रामीण मछली पकड़ने के लिए अंकुआ कंपार्टमेंट संख्या-48 के जंगल की ओर गए थे। ग्रामीणों ने देखा कि एक हाथी लहूलुहान स्थिति में जमीन पर पड़ा है और दर्द से कराह रहा है। ग्रामीणों ने बिना देरी किए इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी।

पोंगा जंक्शन’ के पास हुआ था विस्फोट

वन विभाग के शुरुआती अनुमान के अनुसार, यह घटना दो-तीन दिन पुरानी हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, दो दिन पहले चिरिया ओपी क्षेत्र के पोंगा जंक्शन के समीप जंगल में एक तेज धमाका सुना गया था। मनोहरपुर के पशुपालन पदाधिकारी डॉ. संजय घोलटकर ने बताया कि हाथी के जख्मों को देखकर लगता है कि वह कई दिन पहले घायल हुआ था। वर्तमान में वह चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ है।

रेस्क्यू ऑपरेशन और बचने की उम्मीद कम

वन विभाग की एक विशेष टीम डॉक्टर और विशेषज्ञों के साथ मौके पर तैनात है।हाथी की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और उसे जरूरी दवाएं देने की कोशिश की जा रही है। हाथी की गंभीर स्थिति और आईईडी से हुए गहरे जख्मों के कारण विशेषज्ञों का मानना है कि उसके बचने की संभावना काफी कम है।

वन्यजीवों पर गहराता आईईडी का खतरा

सारंडा के जंगलों में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए नक्सलियों द्वारा अक्सर आईईडी बिछाए जाते हैं, लेकिन अब इसकी चपेट में निर्दोष जानवर भी आ रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्र में सक्रिय इन विस्फोटकों के खतरे को उजागर कर दिया है, जिससे न केवल ग्रामीण बल्कि वन्यजीवों का अस्तित्व भी संकट में है।

More From Author

जमशेदपुर: पोटका में मारुति और ट्रक की सीधी भिड़ंत; गाड़ियां पलटीं, 5 घायल, 3 की हालत नाजुक

जमशेदपुर: कोल्हान छात्र संघर्ष मोर्चा ने सोनू ठाकुर को किया सम्मानित, पूर्व प्राचार्य अमर सिंह के खिलाफ खोला मोर्चा