जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना पुलिस ने लंबा आपराधिक इतिहास रखने वाले अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली को देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों के अलावा रेलवे और पश्चिम बंगाल में भी कई मामले दर्ज हैं। शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी।
बागबेड़ा मैदान में आपराधिक घटना की फिराक में होने की मिली थी सूचना
सिटी एसपी ललित मीना के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि अनुप चक्रवर्ती अपने सहयोगियों के साथ बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बागबेड़ा मैदान में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बागबेड़ा मैदान में पहुंचकर घेराबंदी की और अनुप चक्रवर्ती को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ 17 पुराने मामले दर्ज
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली के खिलाफ कुल 17 पुराने मामलों का उल्लेख किया गया है। इनमें बागबेड़ा के अलावा बिष्टुपुर, जुगसलाई, साकची, बर्मामाइंस, चाकुलिया और परसुडीह थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त रेलवे और पश्चिम बंगाल में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।पुलिस रिकॉर्ड में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 42 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार, उसका वर्तमान पता पश्चिम बंगाल के फुलिया थाना क्षेत्र में है
