धनबाद: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में छिनतई की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जामताड़ा के युवक से लूटपाट के बाद दो लाख रुपये की फिरौती भी मांगी थी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
ऋत्विक श्रीवास्तव (सिटी एसपी) ने बताया कि साहेबगंज रोड स्थित अपना अस्पताल के पास जामताड़ा निवासी इरफान अंसारी को बाइक की किस्त फेल होने का बहाना बनाकर रोका गया।इसके बाद 6-7 अपराधियों ने उसकी बाइक, लैपटॉप, मोबाइल और 22 हजार रुपये नगद लूट लिए।
सामान लौटाने के लिए मांगी फिरौती
अपराधियों ने लूटे गए सामान को लौटाने के बदले 2 लाख रुपये की मांग की और 4 मई तक पैसे देने का दबाव बनाया।
पुलिस की कार्रवाई, 4 आरोपी दबोचे
पीड़ित की शिकायत पर गोविंदपुर पुलिस ने जाल बिछाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में रेहान अंसारी, फरदीन अंसारी, राजू अंसारी और जावेद अंसारी शामिल हैं।
बरामदगी में कार, बाइक और मोबाइल
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक हुंडई आई 20 कार,तीन मोटरसाइकिल,छीना गया लैपटॉप ,सात मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
