आदित्यपुर: औद्योगिक क्षेत्र स्थित पूर्व जेएमटी प्राइवेट लिमिटेड (अब रामकृष्णा फोर्जिंग कास्टिंग सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड 2) के गेट के सामने मंगलवार को पूर्व कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर उनकी मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
“रोजगार का वादा पूरा नहीं हुआ”
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि कंपनी के अधिग्रहण के समय पुराने कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर काम देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तीन साल बाद भी न नौकरी मिली और न ही कोई सेटलमेंट हुआ।
बाहरी लोगों को काम देने का आरोप
मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन यह कहकर टालमटोल कर रहा है कि प्लांट पूरी तरह चालू नहीं हुआ है, जबकि हकीकत में मशीनें चल रही हैं और बाहरी राज्यों के लोगों को रोजगार दिया जा रहा है।
आर्थिक संकट से जूझ रहे मजदूर
प्रदर्शन में शामिल मजदूरों ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।परिवार चलाना मुश्किल,बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर कई बार आंदोलन और प्रशासन से गुहार के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द रोजगार या उचित सेटलमेंट नहीं मिला तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला मजदूर भी शामिल रहीं।
