जमशेदपुर: बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों की चाबी वितरण को लेकर विधायक सरयू राय के आवास पर अहम बैठक हुई। इसमें 75 से अधिक लाभुक, जेएनएसी और जुडको के अधिकारी शामिल हुए।
अधूरे इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण देरी
बैठक में बताया गया कि सड़क, नाली और ड्रेनेज का काम अधूरा है, इसलिए अभी तक मकानों का हैंडओवर नहीं हो सका। झारखंड अर्बन डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (जुडको) ने प्रोजेक्ट पूरा नहीं किया है, जिससे जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति इसे अपने अधीन नहीं ले पा रही।
31 मई तक काम पूरा करने का दावा
प्रोजेक्ट मैनेजर धनंजय कुमार ने बताया कि ड्रेनेज का टेंडर फाइनल हो चुका है और एक माह में काम पूरा हो जाएगा। सड़क निर्माण के लिए फंड स्वीकृति प्रक्रिया में है।बैठक में सहमति बनी कि 31 मई तक सड़क, नाली और ड्रेन का काम पूरा करने की कोशिश होगी, जिसके बाद चाबी वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
लाभुकों में नाराजगी
लाभुकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि 2018 से इंतजार कर रहे हैं और बार-बार सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि एक तय तारीख लिखित में दी जाए।
सरयू राय की चेतावनी
विधायक सरयू राय ने कहा कि अगर 31 मई तक काम पूरा नहीं हुआ और चाबी नहीं मिली, तो वे 1 जून से अनशन पर बैठेंगे।
मीटर कनेक्शन शुल्क पर सवाल
बैठक में बिजली मीटर कनेक्शन के अलग-अलग शुल्क का मुद्दा भी उठा।रांची में मुफ्त,बोकारो में 1500 रुपये और जमशेदपुर में 13,600 रुपये। इस पर सरयू राय ने बोकारो प्रशासन से जानकारी भी ली।
“पहले चाबी दें, काम बाद में करें” – लाभुक
लाभुकों ने मांग रखी कि उन्हें तुरंत मकान की चाबी दी जाए और बाकी काम बाद में पूरा किया जाए। हालांकि अधिकारियों ने कहा कि पूरी प्रक्रिया और हैंडओवर के बाद ही चाबी दी जा सकती है।
