जमशेदपुर: पुस्तक वितरण में देरी पर 7 बीपीओ का वेतन रोका, शो-कॉज जारी

जमशेदपुर : उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में योजनाओं की धीमी प्रगति पर डीसी ने सख्त नाराजगी जताई और अधिकारियों को परिणामोन्मुख कार्य करने की चेतावनी दी।

लापरवाही पर एक्शन: 7 बीपीओ को शो-कॉज

समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले के कई प्रखंडों में पाठ्य पुस्तकों का वितरण लक्ष्य से काफी पीछे है। बोड़ाम, धालभूमगढ़, डुमरिया, घाटशिला, गुड़ाबांदा, मुसाबनी और पटमदा प्रखंडों में वितरण की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। उपायुक्त ने इन 7 प्रखंडों के बीपीओ को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी करने और अगले आदेश तक उनके वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पुस्तक वितरण सुनिश्चित करने की समय-सीमा तय की है।

‘सिकुई-दिकुई’ अभियान और टॉपर्स का सम्मान

बोर्ड परीक्षा परिणामों पर चर्चा करते हुए डीसी ने शैक्षणिक स्तर सुधारने के लिए दो बड़े निर्णय लिए। वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों और टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। गर्मी की छुट्टियों के बाद ‘सिकुई-दिकुई अभियान’ को दोबारा सक्रिय किया जाएगा। इसके तहत अधिकारी स्कूलों को गोद लेकर वहां की कमियों को दूर करेंगे।

आवासीय स्कूलों के लिए 10 दिन का ‘अल्टीमेटम’

आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण में मिली खामियों को डीसी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों में सुरक्षा ऑडिट और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को अगले 10 दिनों के भीतर ठीक किया जाए। बीपीएल कोटे के तहत निजी स्कूलों में एक भी सीट खाली न रहे, यह ग्रीष्मावकाश के दौरान ही सुनिश्चित करना होगा।

डिजिटल उपस्थिति और एमडीएम की निगरानी

बैठक में छात्र-छात्राओं के डिजिटल रिकॉर्ड और पोषण पर भी बात हुई। सभी विद्यार्थियों की यूनिक आईडी बनाने और ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों व बच्चों की ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य की गई है। मध्याह्न भोजन में निर्धारित मेन्यू का पालन करने का निर्देश दिया गया ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण मिल सके।

बैठक में उपस्थिति

इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय सहित सभी बीईईओ और अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।

More From Author

आर. डी. टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर के चार प्रशिक्षुओं का क्राफ्ट्समैन ऑटोमेशन लिमिटेड में चयन

एमजीएम अस्पताल में टॉयलेट सुविधा बदहाल, पानी नहीं होने से मरीज और परिजन परेशान