जमशेदपुर: देशभर में आज मातृ दिवस की धूम है, जहाँ हर कोई अपनी मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहा है। इसी कड़ी में जमशेदपुर की सामाजिक संस्था ‘यात्रा’ ने इस दिन को उन माताओं के साथ मनाने का निर्णय लिया, जो अपनों से दूर वृद्धाश्रम में रह रही हैं। संस्था की अध्यक्ष श्रीमती रीना सिंह के नेतृत्व में टीम ने आशीर्वाद ओल्ड एज होम पहुँचकर बुजुर्ग माताओं को सम्मानित किया।
उपहार, सेवा और श्रद्धा का संगम
वृद्धाश्रम में रह रही बुजुर्ग माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए संस्था ने कई विशेष आयोजन किए। मदर्स डे की खुशी साझा करते हुए सभी माताओं के बीच साड़ियों का वितरण किया गया।संस्था के सदस्यों ने बुजुर्ग माताओं के साथ मिलकर केक काटा और उन्हें मिठाई खिलाई। माहौल को भक्तिमय और खुशनुमा बनाने के लिए भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बुजुर्ग माताओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और आशीर्वाद दिए।
समाज की कड़वी सच्चाई पर मंथन
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष रीना सिंह ने कहा कि भारत में मां को ईश्वर का दर्जा प्राप्त है, लेकिन यह विडंबना है कि आज कई माताओं को अपने ही परिवार से दूर वृद्धाश्रम में रहना पड़ रहा है। उन्होंने समाज से अपील की कि बुजुर्गों का सम्मान करें और उन्हें वह प्यार दें जिसके वे हकदार हैं।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों सहित शहर के कई गणमान्य लोग शामिल हुए और बुजुर्गों की सेवा में अपना योगदान दिया। मुख्य अतिथि बिष्टुपुर साइबर थाना प्रभारी राजन कुमार,विशिष्ट अतिथि: समाजसेवी बाबू वीरेंद्र सिंह और संस्था के सदस्य: श्रीमती अनिशा सिन्हा, श्रीमती चंदा सिंह, अंजली श्रीवास्तव, रेखा सिंह, रीता शर्मा, श्री चिंटू सिंह, मधुमाला, रिंकी अग्रहरी, सीमा देवी, रेणु देवी, पिंकी, रूमा देवी समेत कई अन्य सदस्य मौजूद रहे
