बागबेड़ा: रेलवे के नोटिस के खिलाफ एकजुट हुईं सामाजिक संस्थाएं, सांसद के हस्तक्षेप के बाद मिली राहत

जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण के नाम पर बागबेड़ा रोड नंबर-1 स्थित दशकों पुरानी सामाजिक संस्थाओं को जमीन खाली करने का नोटिस दिए जाने पर विवाद गहरा गया है। इस मुद्दे को लेकर रविवार को क्षेत्र की चार प्रमुख संस्थाओं ने एकजुट होकर सांसद विद्युत वरण महतो से गुहार लगाई, जिसके बाद सांसद ने तत्काल रेलवे अधिकारियों को फटकार लगाई।

इन संस्थाओं को मिला था 15 दिनों का अल्टीमेटम

रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने पुनर्विकास कार्य का हवाला देते हुए निम्नलिखित संस्थाओं को 15 दिनों के भीतर परिसर खाली करने का नोटिस थमाया था जिसमे परशुराम समाज भवन,अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षा एवं सेवा संस्थान,कृष्ण मेमोरियल संघ और मिथिला समाज है।इन संस्थाओं का कहना है कि वे 1975 से यहाँ संचालित हैं और शिक्षा, समाज सेवा व गरीब कन्याओं के विवाह जैसे जनकल्याणकारी कार्यों का केंद्र हैं।

सांसद की कड़ी चेतावनी: “सामाजिक कार्यों में न डालें बाधा”

रविवार शाम अनुग्रह नारायण सिंह शिक्षण एवं सेवा संस्थान में सभी संस्थाओं की एक संयुक्त बैठक हुई। बैठक के बाद प्रतिनिधियों ने सांसद विद्युत वरण महतो से मुलाकात की।सांसद ने मौके से ही चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम और डीईएन (इंजीनियरिंग) से दूरभाष पर बात की। सांसद ने स्पष्ट लहजे में कहा कि विकास के नाम पर सामाजिक कार्यों में बाधा डालना कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन संस्थाओं को परेशान न किया जाए और नोटिस पर फिलहाल रोक लगाई जाए।

संजीव कुमार और सांसद के प्रति जताया आभार

सांसद के त्वरित एक्शन के बाद बागबेड़ा की संस्थाओं ने राहत की सांस ली है। सभी संस्थाओं के अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने सांसद महोदय और उनके प्रतिनिधि संजीव कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि सांसद के हस्तक्षेप ने बागबेड़ा की सामाजिक धरोहर को उजड़ने से बचा लिया है।

प्रमुख उपस्थिति

सांसद से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से श्री अखिलेश्वर सिंह, श्री डीके मिश्रा, श्री ज्योति मिश्रा, श्री मनोज कुमार मन्नू , श्री सीएसपी सिंह, श्री विमलेश उपाध्याय, विनोद कुमार, सतीश कुमार, ललन पांडे, हरीश नारायण राय, प्रमोद राय, श्री राम सिंह, आनंदी ओझा, विजय कुमार, अखिलेश मिश्रा आदि शामिल थे।

More From Author

जमशेदपुर: ‘यात्रा’ संस्था ने ओल्ड एज होम में मनाया मदर्स डे; बुजुर्ग माताओं को बांटी साड़ियाँ, केक काटकर दीं खुशियां

जमशेदपुर: टिनप्लेट काली मंदिर के पास बस की चपेट में आने से मां-बेटा गंभीर रूप से घायल, टीएमएच रेफर