जमशेदपुर: सोपोडेरा स्कूल में मिली युवती के शव का खुलासा; शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: परसुडीह थाना अंतर्गत सोपोडेरा मिडिल स्कूल परिसर में बीती 9 अप्रैल को मिली एक युवती के शव के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू कर्मकार (निवासी- बिरसानगर, जोन 2बी) को गिरफ्तार कर लिया है।

सीसीटीवी और तकनीकी इनपुट से मिला सुराग

सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि शव मिलने के बाद से ही पुलिस की एक विशेष टीम मामले की जांच में जुटी थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मानवीय सूचनाओं (मददगारों) के आधार पर सोनू कर्मकार को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया।कड़ाई से पूछताछ करने पर सोनू ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और हत्या की पूरी कहानी बयां की।

हत्या की वजह: शादी का दबाव और विवाद

पूछताछ में यह बात सामने आई कि सोनू पहले से शादीशुदा है, लेकिन मृतिका के साथ उसका प्रेम संबंध था। वारदात वाले दिन सोनू अपनी पत्नी से मिलने छोलागोड़ा जा रहा था। इसी दौरान सोपोडेरा स्कूल के पास उसकी मुलाकात मृतिका से हो गई।वहां युवती ने सोनू पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। सोनू के शादीशुदा होने के कारण दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद बढ़ गया। आवेश में आकर सोनू ने युवती का गला दबा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद वह शव को स्कूल परिसर में ही छोड़कर फरार हो गया था।

आरोपी भेजा गया जेल

पुलिस ने सोनू कर्मकार के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

More From Author

विधायक संजीव सरदार ने 33 लाख के धूमकुड़िया भवन निर्माण कार्य एवं पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

जमशेदपुर में कांग्रेस का जनता दरबार, मेयर सुधा गुप्ता ने सुनीं लोगों की समस्याएं