जमशेदपुर : गोलमुरी थाना पुलिस ने गबन की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए लाखों रुपये मूल्य का सरिया बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गबन और अवैध खरीद-बिक्री में शामिल गिरोह के तीन सदस्यों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला? (कांड संख्या 49/2026)
यह मामला 22 अप्रैल 2026 को दर्ज कराया गया था। अखिलेश यादव नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वाहन संख्या CG15CZ-2138 के मालिक और चालक ने परिवहन के दौरान जीएसटी और चालान से संबंधित माल (सरिया) का गबन कर लिया है।आरोपियों की योजना माल को उसके गंतव्य तक पहुँचाने के बजाय उसे बाजार में अवैध रूप से बेचकर मुनाफा कमाने की थी।
छापेमारी और गिरफ्तारियां
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर 11 मई को जाल बिछाया और तीन आरोपियों को दबोच लिया जिसमे वाहन मालिक बलवंत कुमार यादव,वाहन चालक सुमंत कुमार और गुड्डू कुमार यादव वह दुकानदार जिसने गबन किया हुआ सरिया खरीदा था।
बरामदगी: 29 टन सरिया और मोबाइल
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और चोरी गया माल बरामद किया। कुल 540 बंडल सरिया बरामद किया गया, जिसका कुल वजन लगभग 29 टन है।पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसका उपयोग इस साजिश को अंजाम देने के लिए किया गया था।
पुलिस टीम की सफल कार्रवाई
इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस अवर निरीक्षक राज रोशन सिन्हा ने किया। टीम में इन्द्रदेव राम, रफीक आलम और झारखंड पुलिस के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या इस गिरोह ने पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है और इस नेटवर्क में अन्य कौन से सफेदपोश या दुकानदार शामिल हैं।
