जमशेदपुर में जदयू की बैठक, सड़क, सफाई और ट्रैफिक जाम की समस्याओं पर जताई चिंता

जमशेदपुर में जनता दल यूनाइटेड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक का आयोजन बिष्टुपुर में जदयू पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव की अध्यक्षता में किया गया।बैठक में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मानगो नगर निगम एवं जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति क्षेत्र में सड़क, साफ-सफाई, नाला सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, डोर टू डोर कचरा उठाव और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई।

मानगो में ट्रैफिक जाम को लेकर चिंता

बैठक में विशेष रूप से मानगो क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि रोजाना घंटों तक लगने वाले जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं, मरीज, नौकरीपेशा लोग और आम नागरिक प्रतिदिन जाम में फंसने को मजबूर हैं, जिससे लोगों का समय और संसाधन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

हेल्मेट चेकिंग पर भी उठाए सवाल

बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि हेल्मेट चेकिंग के नाम पर आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर गलत स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाए जाने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है।

अधिकारियों से संपर्क करेगी जदयू

बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर की इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों से जल्द संपर्क किया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।इसके अलावा जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात करेगा।

कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में जदयू जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, नीरज सिंह, आकाश शाह, प्रकाश कोया, उषा देवी, विकास साहनी, विनोद सिंह, संजीव सिंह, दिनेश कुमार, प्रवीण सिंह और मुश्ताक अहमद समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

More From Author

जमशेदपुर: 29 टन सरिया गबन मामले का खुलासा, वाहन मालिक और चालक समेत 3 गिरफ्तार

पोड़ाहातू में 72 लाख की लागत से बनेगा चेकडैम, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास