जमशेदपुर : पोटका प्रखंड के चाकड़ी पंचायत अंतर्गत पोड़ाहातू गांव में झारखंड सरकार के जल संसाधन (लघु सिंचाई) विभाग की ओर से रामगढ़ नाला में एकल चेकडैम निर्माण कार्य का शिलान्यास मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। करीब 72 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना के शिलान्यास कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीण एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। वर्षों से लंबित इस मांग के पूरी होने पर ग्रामीणों ने विधायक का जोरदार स्वागत किया और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।
सिंचाई सुविधा से किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि यह चेकडैम क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि इलाके के अधिकांश लोग कृषि पर निर्भर हैं, लेकिन बरसात के अलावा पानी की कमी के कारण खेती प्रभावित होती थी। ग्रामीणों द्वारा समस्या से अवगत कराने के बाद उन्होंने इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिसके बाद हेमंत सरकार द्वारा योजना को स्वीकृति दी गई। विधायक ने कहा कि चेकडैम बनने से किसानों को वर्षभर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी और खेती को नया विस्तार मिलेगा।
हेमंत सरकार गांव, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए संकल्पित – विधायक
विधायक ने कहा कि संवेदक द्वारा निर्माण कार्य जल्द पूर्ण किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से निर्माण कार्य की निगरानी करने की अपील करते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने किसानों एवं ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। विधायक ने कहा कि हेमंत सरकार गांव, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
