बोकारो: बोकारो में पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बेरमो थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में एसटीएफ पटना और स्थानीय पुलिस की संयुक्त छापेमारी में भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण और छह जिंदा गोलियां बरामद की गईं।
मुख्य आरोपी फरार
मामले की जानकारी देते हुए बेरमो एसडीपीओ बीएन सिंह ने बताया कि इस अवैध हथियार निर्माण गिरोह का मुख्य आरोपी राजकुमार सिंह उर्फ बंटी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
ये अपराधी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने छापेमारी के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें देवघर निवासी उस्मान अंसारी उर्फ अरमान, मुंगेर निवासी मो. रिजवान, मो. इम्तियाज और संजय कुमार साव उर्फ संजय गुप्ता शामिल हैं।
कई राज्यों में फैला था नेटवर्क
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई का काम करते थे। आरोपियों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था और सभी पहले भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं।पुलिस के अनुसार, उस्मान अंसारी उर्फ अरमान पहले भी गांडेय थाना क्षेत्र में मिनी गन फैक्ट्री भंडाफोड़ मामले में वांछित रह चुका है। वह राजकुमार सिंह और मुंगेर के हथियार बनाने वाले कारीगरों के बीच संपर्क सूत्र का काम करता था।
25 हजार रुपये में खरीदकर अपराधियों को सप्लाई
जांच में सामने आया है कि अवैध हथियार राजकुमार सिंह से करीब 25 हजार रुपये में खरीदे जाते थे और बाद में इन्हें ऊंची कीमत पर अपराधियों को बेचा जाता था।
भारी मात्रा में हथियार बनाने का सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अर्धनिर्मित पिस्टल, बैरल, स्लाइडर, जिंदा गोली, लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, ड्रिल मशीन, मोटर ग्राइंडर समेत बड़ी मात्रा में हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। इसके अलावा छह हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी उस्मान अंसारी पर आर्म्स एक्ट, हत्या और लूट समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं मो. रिजवान के खिलाफ भी मुंगेर में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
