जमशेदपुर:टाटा मेन हॉस्पिटल ने मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए चौबीसों घंटे चालू रहने वाले एक विशेष समर्पित हेल्पलाइन प्लेटफॉर्म ‘टीएमएच साथी’ की शुरुआत की है। इस सेवा को एक पेशेवर कॉल सेंटर सेवा प्रदाता मेसर्स डिजिटाइड के तकनीकी सहयोग से तैयार किया गया है।
मीडिया संवाद में डॉ. विनीता सिंह ने की घोषणा
इस नई और आधुनिक सेवा की आधिकारिक घोषणा शनिवार को आयोजित एक मीडिया संवाद कार्यक्रम के दौरान की गई। इस मौके पर टाटा स्टील की मेडिकल सर्विसेज़ की जनरल मैनेजर डॉ. विनीता सिंह।विशेष रूप से उपस्थित थीं। उन्होंने बताया कि इस सेवा का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और मरीज-केंद्रित बनाना है।
इन-हाउस डेस्क की जगह अब 24 घंटे काम करेगा प्रोफेशनल कॉल सेंटर
इससे पहले तक टीएमएच में केवल सीमित समय के लिए इन-हाउस टेलीफोनिक डेस्क चलाया जाता था, जिससे मरीजों को पीक ऑवर्स में फोन कनेक्ट करने में परेशानी होती थी।‘टीएमएच साथी’ के आने से अब यह पूरी व्यवस्था पेशेवर रूप से संचालित हो। मरीज या उनके परिजन 033 6902 2333 पर कॉल करके दिन हो या रात, कभी भी अस्पताल से जुड़ी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
टीएमएच साथी’ हेल्पलाइन से मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं
यह हेल्पलाइन नंबर एक सिंगल-पॉइंट कांटेक्ट के रूप में काम करेगा, जिसके जरिए निम्नलिखित सेवाएं मिलेंगी। टीएमएच मुख्य अस्पताल के साथ-साथ टीएमएच क्लीनिक, टीएमएच टिनप्लेट और आरोग्य भवन हेल्थ चेक-अप सेंटर के लिए ओपीडी अपॉइंटमेंट।पहले से बुक किए गए अपॉइंटमेंट की तारीख या समय में बदलाव।मरीजों की समस्याओं का त्वरित पंजीकरण, सुव्यवस्थित निवारण और फीडबैक।
सेवा उत्कृष्टता और तकनीक का समावेश
टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज़ के अधिकारियों के अनुसार, ‘टीएमएच साथी’ केवल एक कॉलिंग नंबर नहीं है, बल्कि यह तेज़ प्रतिक्रिया समय और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने वाला प्लेटफॉर्म है। अस्पताल प्रबंधन तकनीक-सक्षम प्रणालियों के माध्यम से कोल्हान और जमशेदपुर के नागरिकों को एक भरोसेमंद स्वास्थ्य ढांचा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
