जमशेदपुर: जमशेदपुर में भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा पिछले चार वर्षों से लगातार टीबी मरीजों को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पोषण किट उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को रेड क्रॉस भवन में कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंद टीबी मरीजों के बीच एक महीने का पौष्टिक राशन एवं विटामिन वितरित किया गया।
समाजसेवियों और रेड क्रॉस पदाधिकारियों ने बांटा राशन किट
कार्यक्रम में समाजसेवी गणेश राव, पूरबी घोष, रेड क्रॉस सोसाईटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, वाइस पेट्रन डी.के. घोष तथा कार्यकर्ता राधेश्याम कुमार ने टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान किया।इस दौरान जिला टीबी नियंत्रण विभाग के सुजय कुमार प्रमाणिक और गंगाधर महतो ने जरूरतमंद मरीजों के चयन में सहयोग किया तथा उन्हें किट प्राप्त करने के लिए भेजा। कार्यक्रम में रेड क्रॉस के अन्य कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
नियमित दवा और पौष्टिक भोजन लेने की अपील
रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने टीबी मरीजों से अपील की कि वे विभाग द्वारा दी जाने वाली दवाइयों का नियमित सेवन करें, पौष्टिक भोजन लें और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, ताकि जल्द स्वस्थ होकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
19 मई को गोपालपुर में लगेगा ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर,यूसीआईएल के सहयोग से आयोजित होगा शिविर
यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सीएसआर कार्यक्रम के तहत भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा 19 मई को गोपालपुर स्थित आदिवासी बालिका उच्च विद्यालय गोपालपुर में ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।
छात्राओं और ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
इस स्वास्थ्य शिविर से विद्यालय की छात्राओं के साथ-साथ आसपास के गांव गोपालपुर, तिलमुड़ा, लिपिघुट्टु और कालापाथर के ग्रामीण भी लाभान्वित होंगे। शिविर में जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी तथा उन्हें निशुल्क दवा और चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा।
नेत्र रोगियों का होगा चयन
शिविर के दौरान आंखों के ऑपरेशन योग्य मरीजों का चयन भी किया जाएगा। चयनित मरीजों का ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण गर्मी के बाद 11 और 18 जुलाई को बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित नेत्र शिविर में किया जाएगा।इस संबंध में जानकारी रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने दी।
