जमशेदपुर : विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, फरार आरोपियों के घर कुर्की-जब्ती शुरू

जमशेदपुर: उत्तराखंड के देहरादून में हुए हाई-प्रोफाइल गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ देहरादून पुलिस और स्थानीय जिला प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। रविवार को बागबेड़ा में हुई बड़ी कार्रवाई के बाद, सोमवार को लगातार दूसरे दिन देहरादून पुलिस की चार सदस्यीय विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जुगसलाई इलाके में मुख्य आरोपी के ठिकाने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया।

रविवार को 1 लाख के इनामी ‘आकाश प्रसाद’ के घर हुई थी कुर्की

इस मामले में न्यायालय के सख्त रुख के बाद रविवार को पुलिस ने पहली बड़ी कार्रवाई की थी। बागबेड़ा के बजरंग टेकरी रोड निवासी आकाश प्रसाद के घर पर रविवार को कुर्की-जब्ती की गई थी। बता दें कि आकाश प्रसाद इस हत्याकांड का नामजद और फरार आरोपी है, जिस पर उत्तराखंड पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।

सोमवार को बंद मकान का ताला तोड़कर भीतर घुसी पुलिस

इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को देहरादून पुलिस की टीम जुगसलाई थाना क्षेत्र के गौशाला नाला रोड स्थित ‘सुमित्रा भवन’ पहुंची। यह मकान इस पूरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी विशाल सिंह का है, जहाँ वह किराएदार के रूप में निवास करता था। पुलिस के पहुंचने पर विशाल सिंह के घर के बाहर बड़ा ताला लटका मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने मकान मालिक की मौजूदगी में कानूनी नियमों के तहत ताला तुड़वाया और घर के भीतर दाखिल हुई। पुलिस ने घर के अंदर मौजूद पलंग, सोफा, बर्तन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामानों की एक विस्तृत सूची तैयार की और पूरे सामान को जब्त कर स्थानीय थाने ले आई।

अब आशुतोष और जितेंद्र साहू के घरों पर कुर्की की तैयारी

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, देहरादून पुलिस इस मामले के सभी फरार आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है। आकाश और विशाल के बाद अब दो अन्य सह-आरोपियों की संपत्तियों को कुर्क करने की कानूनी प्रक्रिया (वारंट व इश्तहार के बाद) शुरू कर दी गई है जिसमे जुगसलाई के आरपी पटेल स्कूल रोड निवासी आशुतोष कुमार सिंह और मानगो के उलीडीह टैंक रोड निवासी जितेंद्र कुमार साहू शामिल है।
देहरादून पुलिस के उपनिरीक्षक के अनुसार, जमशेदपुर के इन अलग-अलग इलाकों में लगातार की जा रही कुर्की-जब्ती की इस बड़ी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य फरार चल रहे अपराधियों पर चौतरफा दबाव बनाना है, ताकि वे या तो पुलिस के हत्थे चढ़ जाएं या फिर न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने पर मजबूर हो जाएं। स्थानीय पुलिस भी बाहरी टीम को पूरा सहयोग दे रही है ताकि शहर में छिपे इन अपराधियों का नेटवर्क ध्वस्त किया जा सके।

More From Author

धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्रिंस खान और गोपी खान गैंग का मुख्य आर्म्स सप्लायर सोनू दर्जी गिरफ्तार; पिस्टल, रिवॉल्वर और कारतूस बरामद