जमशेदपुर में सोमवार को गौ सम्मान अभियान के दूसरे चरण का समापन हुआ। इस अवसर पर अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने 5,13,738 हस्ताक्षरों के साथ उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग की गई है।
विजय मंत्र और गौ पूजन के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे साकची स्थित बोधि मैदान में ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ विजय मंत्र के सामूहिक जाप से हुई। सुबह 8 बजे से 10 बजे तक मंत्रोच्चार के बाद गौ पूजन एवं गौ सेवा का आयोजन किया गया।इसके बाद हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शांतिपूर्वक कतारबद्ध होकर बोधि मैदान से उपायुक्त कार्यालय पहुंचे।
20 हजार पन्नों में संलग्न किए गए 5.13 लाख हस्ताक्षर
आयोजकों के अनुसार, ज्ञापन की चार प्रतियां तैयार कर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम भेजी गईं। ज्ञापन के साथ लगभग 20 हजार पन्नों में संकलित 5,13,738 हस्ताक्षर भी संलग्न किए गए।
संतों के आह्वान पर चल रहा है अभियान
रैली में गौ सम्मान अभियान के संरक्षक सुरेश लाल और विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री अरुण सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।अरुण सिंह ने कहा कि संतों के निर्देश पर यह अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। उनका कहना था कि यदि केंद्र सरकार गाय को राष्ट्र माता का दर्जा नहीं देती है तो संतों के आह्वान पर देशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
40 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य
अभियान के संरक्षक सुरेश लाल ने बताया कि देशभर में इस अभियान के तहत 40 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है।
इन लोगों ने निभाई प्रमुख भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में विनय शर्मा, विनय राय, अनिल अग्रवाल, सुमित खंडेलवाल सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
